
सासनी 11 अगस्त। एसबीएस यूनियन स्कूल सासनी में सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स के तत्वावधान में देशभक्ति गीत प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के 11 सीबीएसई से मान्यता प्राप्त विद्यालयों के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों की शानदार और मनमोहक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ सीबीएसई हाथरस के सिटी कोऑर्डिनेटर डॉ. जगदीश शर्मा, हाथरस सहोदया के अध्यक्ष अरुण कुमार शर्मा, सचिव डॉ. विकास सिंह एवं कोषाध्यक्ष मुकेश कुमार शर्मा ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका डॉ. निम्मी गुप्ता (आईआईटी कानपुर) एवं पूनम सिंह ने निभाई। प्रतिभागी विद्यार्थियों की प्रस्तुतियां इतनी शानदार रहीं कि निर्णायक मंडल भी उनकी प्रतिभा देखकर प्रभावित हुआ। निर्णायकों ने कहा कि सभी टीमों का प्रदर्शन बेहतरीन रहा, जिसके चलते वरीयता सूची में स्थान तय करना बेहद कठिन रहा।
प्रतियोगिता में लॉर्ड कृष्णा पब्लिक स्कूल हाथरस ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सेंट फ्रांसिस इंटर कॉलेज हाथरस को द्वितीय तथा आरपीएम पब्लिक स्कूल हाथरस को तृतीय पुरस्कार मिला। वहीं एबीजी गुरुकुलम सासनी और एसबीएस यूनियन स्कूल सासनी को संयुक्त रूप से सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। प्रतियोगिता में सेंट विवेकानंद पब्लिक स्कूल सादाबाद, डीएलपी पब्लिक स्कूल मुरसान, आरबीएस पब्लिक स्कूल मुरसान, एसएसडी पब्लिक स्कूल हाथरस, ओएमबी इंटरनेशनल स्कूल हसायन और द कैंब्रिज स्कूल हाथरस सहित कुल 11 विद्यालयों ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर हाथरस सहोदया के सचिव डॉ. विकास सिंह ने कहा कि इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य जिले के सभी विद्यालयों को एक सामूहिक मंच प्रदान करना है, जिससे विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभाओं को तलाशकर उन्हें निखारा जा सके। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर मंच मिलने से वे जिले ही नहीं, बल्कि देश और दुनिया में अपनी प्रतिभा का नाम रोशन कर सकते हैं। प्रधानाचार्य दुर्गेश पचौरी ने सभी अतिथियों और आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ इस तरह की रचनात्मक और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन भी आवश्यक है। कार्यक्रम में ओएमबी इंटरनेशनल स्कूल के प्रधानाचार्य दीपक सेंगर और एसआरबी पब्लिक स्कूल हाथरस के प्रधानाचार्य ज्ञानेंद्र शर्मा सहित अन्य शिक्षक एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।









