Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 29 सितम्बर। सेठ फूलचंद बागला महाविद्यालय के प्राचार्य ने फर्जी ईमेल आईडी के जरिए लगातार शिकायतें भेजे जाने का आरोप लगाते हुए थाना साइबर क्राइम में तहरीर दी है। प्राचार्य प्रो. डॉ. महावीर सिंह छौंकर ने साइबर थाना प्रभारी को प्रार्थना पत्र देकर ईमेल आईडी की जांच कर शिकायतकर्ता का पता लगाने और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है। प्राचार्य की ओर से दी गई तहरीर के अनुसार ananyasrivastav778@gmail.com ईमेल आईडी से अनन्या श्रीवास्तव के नाम पर लगातार शिकायतें की जा रही हैं। इससे पूर्व इसी ईमेल आईडी से जिलाधिकारी हाथरस को भी शिकायत भेजी गई थी। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला विद्यालय निरीक्षक हाथरस ने मामले को जांच के लिए क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी, अलीगढ़ मंडल को भेजा था। तहरीर के मुताबिक, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी अलीगढ़ ने 20 अगस्त 2026 को स्वयं महाविद्यालय पहुंचकर शिकायत की जांच की। जांच के दौरान शिकायत को निराधार पाया गया। जांच आख्या की छायाप्रति जिलाधिकारी को भेजी गई, जिसकी प्रति भी प्राचार्य ने अपनी तहरीर के साथ संलग्न की है। प्राचार्य ने तहरीर में यह भी कहा है कि महाविद्यालय में अनन्या श्रीवास्तव नाम की कोई छात्रा अध्ययनरत नहीं है। उनके अनुसार महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं। लगातार की जा रही शिकायतों से महाविद्यालय की छवि धूमिल करने का प्रयास किए जाने की बात भी तहरीर में कही गई है। प्राचार्य ने साइबर थाना प्रभारी से उक्त ईमेल आईडी की जांच कर फर्जी शिकायतकर्ता का पता लगाने और उसके विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की शिकायतों पर रोक लग सके। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page