Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 04 जुलाई। सासनी कोतवाली क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-93) पर आज तड़के हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। जिस घर में बड़े भाई की शादी की तैयारियां चल रही थीं, उसी घर में हादसे की खबर पहुंचते ही कोहराम मच गया। दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, चावड़ मोहल्ला निवासी 30 वर्षीय विजेंद्र उर्फ विक्की शनिवार सुबह करीब 3:30 बजे अपने 11 वर्षीय भतीजे कुनाल और 12 वर्षीय भांजी राधिका के साथ बाइक से किसी कार्य से निकले थे। आगरा-अलीगढ़ मार्ग स्थित शनि देव मंदिर के निकट उनकी बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर सासनी पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एम्बुलेंस की सहायता से तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सासनी पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने विजेंद्र को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल कुनाल और राधिका को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद दोपहर में गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। बताया जा रहा है कि हादसे वाले दिन ही मृतक के ताऊ के बेटे अशोक की शादी थी। शादी के घर में यह दुखद घटना होने से पूरे परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। विजेंद्र अपने परिवार में दो बहनों के बीच इकलौते भाई थे। वह अविवाहित थे और उनके पिता का पहले ही निधन हो चुका था। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

Next News :-योगी सरकार का बड़ा फैसला : लगातार सातवें वर्ष भी नहीं बढ़ेंगी बिजली दरें, 2026-27 में भी पुरानी दरें रहेंगी लागू

Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page