सासनी 17 मई । नगर पंचायत के सफाई कर्मचारियों द्वारा अपनी 14 सूत्रीय मांगों को लेकर शुरू की गई अनिश्चितकालीन हड़ताल रविवार को चौथे दिन भी जारी रही। हड़ताल के चलते नगर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है और कस्बे के विभिन्न मोहल्लों एवं सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी के ढेर लगने लगे हैं।
सफाई कर्मचारियों का आरोप है कि प्रशासन उनकी लंबे समय से लंबित मांगों की लगातार अनदेखी कर रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि मांगों के समाधान के लिए उन्होंने 11 मई को नगर पंचायत प्रशासन को 72 घंटे का अल्टीमेटम दिया था, लेकिन निर्धारित अवधि बीत जाने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। मनोज दिलेर और अशोक कुमार ने बताया कि नगर पंचायत अध्यक्ष एवं अधिशासी अधिकारी (ईओ) के साथ कई दौर की मौखिक वार्ताएं हुईं, लेकिन सभी बातचीत बेनतीजा रही। उनका आरोप है कि नगर पंचायत प्रशासन ने कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया, जिसके चलते पूर्ण कार्य बहिष्कार का निर्णय लेना पड़ा। हड़ताल के कारण नगर में सफाई कार्य पूरी तरह बंद है। सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा जमा होने से आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही बढ़ती गंदगी से संक्रामक रोग फैलने की आशंका भी जताई जा रही है। हड़ताल के दौरान दयाचंद्र शेखर, हरीशंकर, राजेश, शारदा देवी, नीलम कुमारी, गीता, आकाश, चंद्रभानु, कुलदीप, साहिल, त्रिमोहन, सुनील, मोहन, सोनू, अनिल, आशु, निर्मल कौशल, प्रेमचंद और ओम प्रकाश सहित अनेक कर्मचारी उपस्थित रहे।

























