Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 17 सितम्बर। कस्बे से सटे इलाके नगला मियां में बुधवार देर रात घरेलू विवाद में पति ने फांसी लगाकर जान दे दी। विवाद के दौरान पति-पत्नी में मारपीट हुई, जिसमें पत्नी बेहोश हो गई थी। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से इलाज के बाद उसे घर भेज दिया गया था। गांव नगला मियां निवासी 45 वर्षीय भजनलाल पुत्र घमंडीलाल का अपनी पत्नी विमलेश से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों के बीच मारपीट हो गई। मारपीट के दौरान विमलेश बेहोश होकर गिर पड़ी। परिजन तुरंत विमलेश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसका इलाज किया। हालत में सुधार होने के बाद उसे घर भेज दिया गया। परिजनों के अनुसार, रात करीब 10 बजे भजनलाल ने घर पर ही फांसी लगा ली। परिवार के लोग उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रबंधन ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि भजनलाल इससे पहले भी दो बार फांसी लगाने की कोशिश कर चुका था। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी कोई बयान सामने नहीं आया है। भजनलाल की मौत की खबर से परिवार में गम का माहौल है। परिजन परेशान हैं। पुलिस घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page