सादाबाद : खेत में काम करते समय युवक को सर्प ने डंसा, नगला गरीबा की घटना, सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर

सादाबाद 08 सितम्बर। गांव नगला गरीबा में खेत पर काम कर रहे युवक को सांप ने डंस लिया। सांप के काटने के बाद युवक की हालत बिगड़ने लगी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उन्हें तुरंत सादाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। सीएचसी पहुंचने पर डॉक्टरों ने जितेंद्र की जांच की। शुरुआती इलाज के बाद भी उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी। हालात देखकर डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए हाथरस जिला अस्पताल रेफर कर दिया।।परिजनों ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 8 बजे जितेंद्र खेत में काम कर रहे थे। तभी अचानक उनके पैर में सांप ने काट लिया। जितेंद्र को जैसे ही सांप के काटने का पता चला, उन्होंने परिवार वालों को बताया। परिवार के लोग बिना देर किए उन्हें सीएचसी ले गए। इस घटना की खबर गांव में भी फैल गई है। परिजन जितेंद्र के इलाज को लेकर काफी परेशान हैं। डॉक्टरों ने उनकी हालत देखकर उन्हें जिला अस्पताल भेजा है, जहां उनका इलाज चल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि खेतों में काम करते समय अक्सर सांप और दूसरे जहरीले जानवर निकल आते हैं। ऐसे में किसानों को खेतों में काम करते वक्त सावधान रहने की जरूरत है। इस घटना के बाद जितेंद्र का परिवार भी चिंता में है।











