सादाबाद 10 सितंबर। कस्बे की एक आवासीय कालोनी की वैधता पर सवाल उठ गए हैं। एक व्यक्ति ने जिलाधिकारी से शिकायत कर कालोनी की जांच कराने की मांग की है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि कालोनी में न तो स्वीकृत नक्शा है और न ही कोई सुविधा।
महावीर गली, विनोवानगर निवासी श्याम गुप्ता ने बताया कि उन्होंने सलेमपुर रोड पर टाइनी टॉट पब्लिक स्कूल के सामने बनी कालोनी में प्लाट नंबर 76 बुक कराया था। इसका क्षेत्रफल 134.04 वर्ग गज है। प्लाट का सौदा 14,500 रुपये प्रति वर्ग गज तय हुआ था। श्याम गुप्ता के मुताबिक, उन्होंने 10 अक्टूबर 2025 को कालोनी मालिक को 50 हजार रुपये नकद दिए थे, जिसकी रसीद भी मिली थी। इसके बाद 27 मई 2026 को कालोनी मालिक की पत्नी के बैंक खाते में एक लाख रुपये और 29 मई को 99 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए। इस तरह कुल 2.49 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है। श्याम गुप्ता का आरोप है कि बाद में उन्हें कालोनी की वैधता पर शक हुआ। उनका कहना है कि कालोनी का कोई स्वीकृत लेआउट नक्शा नहीं है। साथ ही, जिला पंचायत, नगर पंचायत या ग्राम पंचायत से भी कोई मंजूरी नहीं मिली है। कालोनी में बिजली, सीवर, पानी और जल निकासी जैसी बुनियादी सुविधाएं भी नहीं हैं। उन्हें पार्क बनाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन मौके पर कोई पार्क नहीं है। कालोनी के सामने पीडब्ल्यूडी की सड़क होने के बावजूद सड़क से संबंधित अनुमति भी नहीं है। शिकायतकर्ता ने जब कालोनी मालिक से रकम वापस मांगी तो उन्होंने कथित तौर पर मना कर दिया। अब श्याम गुप्ता ने डीएम से कालोनी की वैधता की जांच कर रिपोर्ट देने और अवैध पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की है।






