सादाबाद 10 सितंबर। तहसील के नजारत विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर कार्यरत महिला की गुरुवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। परिजन उन्हें तुरंत सीएचसी लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच के दौरान हार्ट अटैक की शिकायत बताते हुए उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया।
सादाबाद के इस्लाम नगर निवासी पुष्पा देवी पत्नी कमल सिंह तहसील के नजारत विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के रूप में कार्यरत थीं। गुरुवार सुबह वह घर पर थीं। अचानक उनकी छाती में तेज दर्द उठा और तबीयत बिगड़ गई। हालत खराब होते देख परिजन तत्काल उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। सीएचसी में डॉक्टरों ने महिला की जांच की। जांच के दौरान ही उनकी हालत बिगड़ गई और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने परिजनों को बताया कि महिला को हार्ट अटैक आया था और उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला कर्मचारी की अचानक मौत की जानकारी मिलते ही परिजनों में दुख का माहौल छा गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं पुष्पा देवी के निधन की सूचना तहसील पहुंची तो नजारत विभाग के कर्मचारियों और अन्य तहसील कर्मियों में भी शोक फैल गया। सहकर्मियों ने उनके निधन पर दुख व्यक्त करते हुए दुखी परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। परिजनों के मुताबिक सुबह तक पुष्पा देवी की तबीयत सामान्य थी। अचानक छाती में दर्द उठने के बाद कुछ ही समय में उनकी हालत गंभीर हो गई। डॉक्टरों द्वारा हार्ट अटैक की शिकायत बताए जाने के बाद परिवार के लोग शव को लेकर घर चले गए।






