
हाथरस 07 सितम्बर। श्री रामेश्वरदास अग्रवाल कन्या महाविद्यालय में प्राचार्या प्रो. मंजू वर्मा के निर्देशन में गृह विज्ञान विभाग द्वारा 1 सितंबर से 7 सितंबर तक “राष्ट्रीय पोषण सप्ताह” का आयोजन किया गया। इस वर्ष पोषण सप्ताह की थीम “Discover The Power Of Nutrition” रही। पोषण सप्ताह के दौरान छात्राओं के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसी क्रम में सोमवार को पोषण सप्ताह के समापन दिवस पर क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में पांच-पांच छात्राओं के समूह में ए, बी, सी, डी और ई ग्रुप ने सहभागिता की। प्रतियोगिता के दौरान तीन अलग-अलग राउंड में सभी समूहों से प्रश्न पूछे गए। प्राप्त अंकों के आधार पर ग्रुप ए ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। ग्रुप ए में मानवी चौधरी, पायल, मुस्कान, गुन गुप्ता और मनीषा शामिल रहीं। ग्रुप डी की दुलारी, बबीता, नन्दिनी उपाध्याय, कशिश और तनिशा ने द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि ग्रुप बी की प्राची चौहान, खुशी कुशवाहा, काशिक, शिखा और वंशिका तृतीय स्थान पर रहीं। इस अवसर पर कार्यक्रम प्रभारी प्रो. रंजना सिंह, डॉ. प्रियंका शर्मा, गृह विज्ञान विभाग की छात्राएं एवं विभाग के सदस्य उपस्थित रहे। प्राचार्या प्रो. मंजू वर्मा ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उत्साह और सहभागिता की सराहना की। क्विज प्रतियोगिता के साथ ही महाविद्यालय में आयोजित राष्ट्रीय पोषण सप्ताह का समापन किया गया।











