Hamara Hathras

Latest News

मथुरा 15 जुलाई। राजीव एकेडमी फॉर फार्मेसी, मथुरा की बी.फार्मा (चतुर्थ वर्ष) की मेधावी छात्रा प्रियंका चौधरी ने अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा, तकनीकी दक्षता और शैक्षणिक उत्कृष्टता के बल पर प्रतिष्ठित एमपीआरडब्ल्यू रिसर्च कम्पनी में जूनियर एग्जीक्यूटिव पद पर चयनित होकर संस्थान का नाम रोशन किया है। आकर्षक पैकेज पर मिली इस नियुक्ति से छात्रा, उसके परिजनों तथा संस्थान में खुशी का माहौल है। संस्थान के निदेशक डॉ. हिमांशु चोपड़ा ने बताया कि प्रियंका ने हाल ही में आयोजित प्रतिस्पर्धी प्लेसमेंट प्रक्रिया में अपने उत्कृष्ट अकादमिक रिकॉर्ड, विषय पर मजबूत पकड़ और कड़े परिश्रम के दम पर यह सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि संस्थान की उच्चस्तरीय शिक्षण प्रणाली, शोध-आधारित वातावरण और अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन का प्रत्यक्ष परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रियंका ने यह सिद्ध कर दिया है कि दृढ़ संकल्प और सही दिशा में की गई मेहनत से वैश्विक स्तर पर भी सफलता प्राप्त की जा सकती है। डॉ. चोपड़ा ने बताया कि राजीव एकेडमी फॉर फार्मेसी विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर की आधुनिक प्रयोगशालाएं और उन्नत शोध सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। संस्थान में फार्माकोलॉजी, फार्मास्युटिकल केमिस्ट्री और फार्मास्यूटिक्स जैसे प्रमुख विषयों में व्यावहारिक एवं प्रयोगात्मक अध्ययन पर विशेष बल दिया जाता है। साथ ही विद्यार्थियों को कॉर्पोरेट जगत की आवश्यकताओं और पेशेवर नैतिक मूल्यों के अनुरूप तैयार किया जाता है। ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट कोऑर्डिनेटर सौम्यदीप मुखर्जी और मनु शर्मा ने बताया कि संस्थान का प्लेसमेंट सेल विद्यार्थियों के लिए नियमित रूप से मॉक इंटरव्यू, एप्टीट्यूड टेस्ट, स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम एवं उद्योग विशेषज्ञों के साथ कार्यशालाओं का आयोजन करता है। उन्होंने कहा कि प्रियंका का चयन संस्थान के मजबूत इंडस्ट्री नेटवर्क और प्लेसमेंट प्रयासों का प्रमाण है, जिससे भविष्य में अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर अवसर मिलेंगे। अपनी सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए प्रियंका चौधरी ने इसका श्रेय संस्थान के शिक्षकों और शैक्षणिक वातावरण को दिया। उन्होंने कहा कि राजीव एकेडमी में बिताए गए चार वर्षों ने उन्हें न केवल सैद्धांतिक ज्ञान प्रदान किया, बल्कि फार्मास्युटिकल उद्योग के व्यावहारिक और तकनीकी पहलुओं की भी गहरी समझ विकसित की। आधुनिक प्रयोगशालाओं, इंडस्ट्रियल ओरिएंटेशन कार्यक्रमों और शिक्षकों के मार्गदर्शन ने उनका आत्मविश्वास बढ़ाया, जिसकी बदौलत वह इस कठिन चयन प्रक्रिया में सफल हो सकीं। इस उपलब्धि पर संस्थान के अध्यक्ष डॉ. रामकिशोर अग्रवाल एवं प्रबंध निदेशक मनोज अग्रवाल ने प्रियंका चौधरी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि उन्हें अनुसंधान, नवाचार और व्यावहारिक कौशल से समृद्ध बनाकर राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर उत्कृष्ट योगदान देने के लिए तैयार करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page