
हाथरस 15 जुलाई। भगवान श्री जगन्नाथ जी के स्वास्थ्य लाभ (अनवसर काल) के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए उनके दिव्य दर्शन का शुभ अवसर आ गया है। भगवान श्री जगन्नाथ अपनी बहन सुभद्रा एवं बड़े भाई बलभद्र के साथ कल 16 जुलाई (गुरुवार) सायं 6 बजे भव्य रथयात्रा में नगर भ्रमण करेंगे। रथयात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह का माहौल है। जगन्नाथ धाम, जैन गली से जगन्नाथ मंदिर सेवक श्री रामकुमार शर्मा आचार्य के सान्निध्य में निकलने वाली यह पावन रथयात्रा नगर के प्रमुख बाजारों एवं मार्गों से होकर गुजरेगी। मान्यता है कि भगवान श्री जगन्नाथ की रथयात्रा में श्रद्धापूर्वक शामिल होने और रथ के दर्शन करने से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं तथा उन्हें विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है। रथयात्रा के दौरान भगवान श्री जगन्नाथ, माता सुभद्रा और भगवान बलभद्र आकर्षक ढंग से सुसज्जित रथ पर विराजमान रहेंगे। यात्रा में विभिन्न वाद्ययंत्रों, भजन-कीर्तन मंडलियों एवं संकीर्तन के साथ भक्तिमय वातावरण का निर्माण होगा। रथयात्रा दाऊजी मंदिर, गुड़हाई बाजार से प्रारंभ होकर पसरट्टा बाजार, मोती बाजार, लोहट बाजार, नज़ीहाई बाजार, रामलीला ग्राउंड सहित नगर के विभिन्न मार्गों से होती हुई पुनः जगन्नाथ धाम पर संपन्न होगी। आयोजकों ने नगर के सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में रथयात्रा में शामिल होने का आग्रह किया है, ताकि वे भगवान श्री जगन्नाथ के दर्शन कर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति एवं आध्यात्मिक पुण्य का लाभ प्राप्त कर सकें।









