Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 13 अगस्त। स्वास्थ्य विभाग एवं बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से गांव चंदपा में संयुक्त निरीक्षण किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी वेद प्रकाश एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी धीरेन्द्र उपाध्याय ने आंगनबाड़ी कार्यकत्री, आशा कार्यकत्री एवं एएनएम के कार्यों की निगरानी करते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्री के पोषण ट्रैकर एप, आशा कार्यकत्री के रजिस्टर तथा एएनएम के रजिस्टर में दर्ज पंजीकृत गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के विवरण का आपस में मिलान किया गया। इस दौरान मिली कमियों को दूर करने के लिए संबंधित कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। संयुक्त निरीक्षण का उद्देश्य प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत सभी पात्र गर्भवती एवं धात्री महिलाओं का पंजीकरण सुनिश्चित करना, स्वास्थ्य विभाग एवं आईसीडीएस विभाग द्वारा गर्भवती और धात्री महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य एवं टीकाकरण सेवाओं की निगरानी करना तथा अति कुपोषित बच्चों का चिन्हांकन कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराना रहा। अधिकारियों ने कहा कि दोनों विभागों के मैदानी कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय से यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि कोई भी पात्र लाभार्थी अथवा जरूरतमंद व्यक्ति सरकारी योजनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं के लाभ से वंचित न रहे। निरीक्षण के दौरान बाल विकास परियोजना अधिकारी मुरसान, मेडिकल ऑफिसर, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं आशा कार्यकत्री मौजूद रहीं। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को अपने अभिलेखों को अद्यतन रखने तथा पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समय से पहुंचाने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page