Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 13 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के अंतर्गत नगर पंचायत सहपऊ में भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। बैंड-बाजों के साथ राष्ट्रगान की धुन और देशभक्ति से ओत-प्रोत राष्ट्रीय गीतों की गूंज से पूरा नगर राष्ट्रप्रेम के रंग में सराबोर नजर आया। नगर पंचायत की मुख्य गलियों एवं बाजारों से होकर निकली तिरंगा रैली में नगर पंचायत अध्यक्ष, सभासदगण, नगर पंचायत के अधिकारी एवं कर्मचारी, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं सहित नगर के सम्मानित नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। रैली के दौरान हाथों में तिरंगा लेकर प्रतिभागियों ने देशभक्ति के नारों के साथ नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं राष्ट्रप्रेम की भावना के लिए प्रेरित किया। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता रैली के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ तिरंगा लहराते हुए राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति का संदेश दिया। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल तिरंगा फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश की एकता, अखंडता, गौरव और राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान है। उन्होंने नगरवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा एवं सम्मान बनाए रखने की अपील की। तिरंगा रैली के माध्यम से नगर पंचायत सहपऊ में देशभक्ति, एकता और राष्ट्रप्रेम का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। रैली में बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता से कार्यक्रम भव्य एवं उत्साहपूर्ण रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page