Hamara Hathras

Latest News

हाथरस (मुरसान) 01 अक्टूबर। ब्राह्मण समाज के प्रति अभद्र एवं आपत्तिजनक भाषा के प्रयोग के मामले में कार्रवाई न होने से नाराज ब्राह्मण समाज के लोग बृहस्पतिवार को बड़ी संख्या में मुरसान कोतवाली पहुंच गए। लोगों ने पूर्व में दी गई शिकायत के बाद सोशल मीडिया पर कथित धमकी भरे वीडियो प्रसारित किए जाने और उनमें हथियार का प्रदर्शन किए जाने के मामले में कार्रवाई की मांग की। करीब एक घंटे से अधिक समय तक लोग कोतवाली में डटे रहे। कोतवाली प्रभारी के कार्रवाई के आश्वासन के बाद लोग वहां से हटे। गांव खजूरिया निवासी अवनीश वशिष्ठ ने कोतवाली में दी तहरीर में आरोप लगाया है कि ग्राम प्रशासक द्वारा पूर्व में ब्राह्मण समाज के प्रति अभद्र एवं आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करने और धमकी देने के संबंध में पुलिस से शिकायत की गई थी। आरोप है कि शिकायत के बाद ग्राम प्रशासक समेत पांच लोगों द्वारा सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित किया गया। वीडियो में धमकी भरे अंदाज में अवनीश वशिष्ठ और अन्य लोगों को देख लेने जैसी बातें कहे जाने का आरोप है। साथ ही वीडियो में एक हथियार का प्रदर्शन किए जाने की बात भी कही गई है। अवनीश वशिष्ठ ने तहरीर में बताया कि वीडियो प्रसारित होने के बाद उनके परिवार और समाज के लोगों में भय का माहौल है। उन्होंने पुलिस से वायरल वीडियो और उसमें दिखाई दे रहे हथियार की जांच कराने की मांग की है। साथ ही हथियार अवैध पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई तथा धमकी भरे वीडियो और ऑडियो की जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। मामले को लेकर बृहस्पतिवार दोपहर बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग मुरसान कोतवाली पहुंच गए और कार्रवाई की मांग को लेकर घेराव किया। पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोग वहां से चले गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page