Hamara Hathras

Latest News

सिकन्दराराऊ 01 अक्टूबर। थाना क्षेत्र में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब दो बजे दिल्ली-कानपुर हाईवे पर हुसैनपुर के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। गेहूं से लदे 10 पहिया ट्रक ने धान से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर चालक और उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद दोनों वाहन सड़क पर पलट गए और हाईवे पर धान व गेहूं बिखर गया। बताया गया कि ट्रैक्टर धान लेकर अलीगढ़ मंडी जा रहा था। हुसैनपुर के पास पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। ट्रैक्टर चालक के अनुसार, वह धीमी गति से वाहन चला रहा था, इसी दौरान ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की पुलिस जांच कर रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों के साथ ट्रक चालक व परिचालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। ट्रैक्टर चालक के पिता की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं ट्रक चालक और परिचालक को मामूली चोटें आईं।

तीन घंटे बाद खुला हाईवे

हादसे के बाद दोनों वाहनों के सड़क पर पलटने और अनाज बिखरने से हाईवे पर यातायात बाधित हो गया। देखते ही देखते वाहनों की लंबी कतार लग गई और कई किलोमीटर तक जाम की स्थिति बन गई।  पुलिस ने हाइड्रा और जेसीबी की मदद से सड़क पर पलटे वाहनों को हटवाने के साथ बिखरे धान और गेहूं को भी सड़क से हटवाया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद हाईवे पर यातायात सुचारू हो सका। इस दौरान एटा की ओर से आने वाले वाहनों को डायवर्ट कर दूसरी लेन से निकाला गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page