
हाथरस 27 मई । शहर के चिरंजीलाल बागला हवेली क्षेत्र निवासी एक विवाहिता ने सास, पति एवं अन्य पर मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीड़िता शिल्पी अग्रवाल उर्फ तनवी बागला पत्नी कुनाल बागला ने बताया कि उनकी शादी को पांच वर्ष हो चुके हैं, लेकिन अभी तक संतान नहीं हुई है। आरोप है कि इसी बात को लेकर उनकी सास अनीता बागला आए दिन ताने देती थीं और दुर्व्यवहार करती थीं। महिला का आरोप है कि सास अपने बेटे की दूसरी शादी कराने की बात भी कहती थीं। पीड़िता के अनुसार 30 जनवरी की रात उनका पति शराब के नशे में घर पहुंचा और सास के कहने पर उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि मारपीट के बाद उसे घसीटते हुए घर से बाहर निकाल दिया गया, जिससे उसके पैर एवं घुटनों में चोटें आईं। महिला ने अपने चचिया ससुर पर भी पति और सास का सहयोग करने का आरोप लगाया है। तहरीर में झूठे मुकदमे एवं हरिजन एक्ट में फंसाने की धमकी देने की बात भी कही गई है। घटना के बाद पीड़िता ने डायल 112 एवं 1090 महिला हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।






















