
हाथरस (मुरसान) 25 मई । कस्बे में एक दंपत्ति के साथ मारपीट कर उनकी कार को रेलवे ट्रैक पर छोड़ दिया गया। इसके बाद रामनगर-आगरा फोर्ट एक्सप्रेस ट्रेन कार से टकरा गई, जिससे करीब एक घंटे तक रेल यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही आरपीएफ, जीआरपी, रेलवे कर्मचारी और मुरसान पुलिस मौके पर पहुंची। मोहल्ला खाई निवासी रतनलाल अपनी पत्नी के साथ जट्टारी से लौट रहे थे। देर रात करीब 11 बजे मुरसान सब्जी मंडी के पास डेविड उर्फ शांतनु, भानु, मोना सहित 5-6 लोगों ने उनकी कार रोक ली। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों से दंपत्ति के साथ मारपीट की और कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। आसपास के लोगों के शोर मचाने पर हमलावर भाग गए। पीड़ित रतनलाल के अनुसार, इसी दौरान भानु और मोना उनकी कार लेकर फरार हो गए। बाद में उन्होंने कार को मुरसान रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर खड़ा कर दिया। कुछ देर बाद मथुरा से हाथरस की ओर जा रही रामनगर-आगरा फोर्ट एक्सप्रेस ट्रैक पर खड़ी इस कार से टकरा गई। टक्कर के बाद ट्रेन को रोकना पड़ा, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे और पुलिस विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। रेलवे कर्मचारियों ने कार को ट्रैक से हटाकर लाइन को खाली कराया। इसके लगभग एक घंटे बाद ट्रेन को आगे रवाना किया जा सका। गेटमैन सूरज ने अधिकारियों को बताया कि वह अपनी केबिन में था और उसे कार के ट्रैक पर पहुंचने की जानकारी नहीं हो सकी। रतनलाल ने बताया कि 15-20 दिन पहले उनके बेटे का डेविड से विवाद हुआ था। डेविड तभी से रंजिश मान रहा था और जान से मारने की धमकी दे रहा था।मुरसान पुलिस ने इस मामले में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है
Next News :-श्रीमद्भागवत कथा में गूंजे भगवान के अवतारों के प्रसंग, निकली भव्य शोभायात्रा
For Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101





















