Hamara Hathras

Latest News

हाथरस (मुरसान) 17 जुलाई। जिला समाज कल्याण अधिकारी सरिता ने एक व्यक्ति पर कार्यालय में घुसकर अभद्रता, गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप लगाया है। उनकी तहरीर पर थाना मुरसान पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जिला समाज कल्याण अधिकारी सरिता के अनुसार, 16 जुलाई को दोपहर करीब 2:20 बजे वह अपने कार्यालय कक्ष में शासकीय कार्यों का निस्तारण कर रही थीं। इसी दौरान बांकेबिहारी कॉलोनी निवासी रामवीर सिंह बिना अनुमति उनके कार्यालय में घुस आया और कथित रूप से अभद्र व्यवहार करने लगा। शिकायत के अनुसार आरोपी इस बात से नाराज था कि विभाग के सहायक विकास अधिकारी विशाल वर्मा, जो उसके मकान में किरायेदार हैं, से मकान खाली करने के लिए क्यों कहा गया। महिला अधिकारी का आरोप है कि रामवीर सिंह ने उनके साथ अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया, गाली-गलौज की तथा उन्हें धमकी देते हुए स्थानांतरण कराने की बात कही। स्थिति बिगड़ने पर उन्होंने कार्यालय के कर्मचारियों को बुलाकर आरोपी को बाहर निकलवाया। आरोप है कि कार्यालय से बाहर जाने के बाद भी आरोपी गाली-गलौज करता रहा और देख लेने की धमकी देता रहा। घटना की सूचना जिला समाज कल्याण अधिकारी ने जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और मुख्य विकास अधिकारी को भी दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page