
हाथरस 14 अगस्त। कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव भोजपुर खेतसी में गुरुवार रात दर्दनाक घटना सामने आई, जहां खेलते-खेलते 10 माह की मासूम अचानक अचेत हो गई। परिजन आनन-फानन में बच्ची को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्ची की मौत की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया और रोते-बिलखते परिजन शव को अपने साथ ले गए। भोजपुर खेतसी निवासी नीरज मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। करीब 10 माह पहले उनके घर बेटी नव्या का जन्म हुआ था। नव्या उनकी इकलौती बेटी थी। गुरुवार रात नव्या घर में खेल रही थी, तभी अचानक वह अचेत हो गई। बच्ची की हालत देखकर परिजनों के होश उड़ गए और वे उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।






