हाथरस 19 मई। श्री उमेश चंद्र कौशिक आदर्श विद्या निकेतन इंटर कॉलेज में ऊर्जा संरक्षण और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नए सोलर प्लांट का उद्घाटन विद्यालय की प्रबंधक मीरा कौशिक द्वारा किया गया।
इस अवसर पर मीरा कौशिक ने कहा कि वर्तमान समय में संपूर्ण विश्व ऊर्जा संकट से गुजर रहा है। ऐसे में ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनना अत्यंत आवश्यक हो गया है। विद्यालय में स्थापित यह सोलर प्लांट सौर ऊर्जा से उत्पादित बिजली के माध्यम से विद्यालय की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. सौरभ जैन ने बताया कि हाल ही में नरेंद्र मोदी द्वारा वैश्विक ऊर्जा संकट को देखते हुए ऊर्जा संरक्षण की अपील की गई थी। उसी प्रेरणा से विद्यालय में यह सोलर प्लांट स्थापित किया गया है, जिससे स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा और बिजली की बचत भी होगी। उन्होंने कहा कि यह पहल विद्यार्थियों के बीच पर्यावरण संरक्षण और अक्षय ऊर्जा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी सहायक सिद्ध होगी। उद्घाटन समारोह के दौरान विद्यालय का समस्त शिक्षण एवं गैर-शिक्षण स्टाफ उपस्थित रहा।


























