
हाथरस 19 मई। कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के इगलास रोड स्थित रत्नगर्भा कॉलोनी में मंगलवार को एक बंद मकान में अचानक भीषण आग लग जाने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से घर में मौजूद दो पालतू कुत्तों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि मकान मालिक और उनकी पत्नी झुलस गए। आग से घर में रखा सामान भी जलकर खाक हो गया, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रत्नगर्भा कॉलोनी निवासी चंकी पांडे पुत्र श्रीनाथ पांडे के मकान में खाना बनाते समय अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे घर में धुआं तथा आग की लपटें फैल गईं। मकान से उठता धुआं देखकर कॉलोनीवासियों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। घटना की सूचना तत्काल पुलिस एवं अग्निशमन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक घर में मौजूद दो बेजुबान कुत्ते आग की चपेट में आकर दम तोड़ चुके थे। मकान मालिक चंकी पांडे ने बताया कि आग लगने के समय वह अपनी पत्नी के साथ घर में मौजूद थे। आग से दोनों झुलस गए, जबकि उनके दो पालतू कुत्तों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि आग से घर में भारी नुकसान हुआ है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस और अग्निशमन विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं।


























