Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 03 जुलाई। महिला थाना पुलिस ने दहेज उत्पीड़न, मारपीट, गर्भपात कराने तथा तीन तलाक देने के आरोप में पति सहित सात ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मुरसान थाना क्षेत्र के गांव कोटा निवासी फिरदोस ने महिला थाने में तहरीर देकर बताया कि उनका निकाह 6 मार्च 2021 को अलीगढ़ के भुजपुरा निवासी आदिल पुत्र साबिर खां के साथ हुआ था। पीड़िता का आरोप है कि निकाह के कुछ समय बाद से ही पति आदिल, ससुर साबिर खां, सास रुकसाना, देवर अब्दुल और राशिद, तथा ननद सोनम दहेज में पांच लाख रुपये की मांग को लेकर उसका शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न करने लगे। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी जाती थी। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि गर्भावस्था के दौरान ससुराल पक्ष ने जबरन दवा खिलाकर गर्भपात कराने का प्रयास किया। आरोप है कि असफल रहने पर पति ने उसके पेट में लात मारी, जिससे गर्भपात हो गया।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि देवरों ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसके साथ छेड़छाड़ की। इसकी शिकायत पति से करने पर उसके साथ फिर मारपीट की गई। शिकायत के अनुसार, 2 जनवरी 2024 को उसके साथ मारपीट कर गला दबाने का प्रयास किया गया और बाद में उसे गांव कोटा के पास छोड़ दिया गया। आरोप है कि जाते समय पति ने तीन बार तलाक कहकर वैवाहिक संबंध समाप्त करने की बात कही और उसका स्त्रीधन भी अपने पास रख लिया। महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page