Hamara Hathras

Latest News

सिकन्दराराऊ (हसायन) 04 सितंबर। विकासखंड क्षेत्र के कस्बा से लेकर देहात तक श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह और उमंग का माहौल है। कस्बे में जगह-जगह भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। मंदिरों को सजाने-संवारने के साथ ही श्रद्धालु भव्य झांकियां और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारियों में जुटे हुए हैं। भाद्रपद कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि पर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर कस्बे के विभिन्न गली-मोहल्लों और धार्मिक स्थलों पर तैयारियां तेज हो गई हैं। प्राचीन गंगा मैया मंदिर, शिव टुकिया मंदिर, चित्रगुप्त मंदिर, शनिदेव मंदिर, माता बड़ी पथवारी मंदिर, श्री हनुमान मंदिर सहित कोतवाली परिसर स्थित शिव मंदिर में भी जन्माष्टमी को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं। मंदिर परिसरों में साफ-सफाई के साथ आकर्षक सजावट और भव्य झांकियां तैयार करने का काम श्रद्धालुओं द्वारा किया जा रहा है। भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की झांकियों को आकर्षक रूप देने के लिए श्रद्धालु दिन-रात जुटे हुए हैं। कई मंदिरों में रंग-बिरंगी विद्युत झालरों, फूलों और अन्य सजावटी सामग्री से परिसर को सजाया जा रहा है।

वहीं, कस्बा और देहात क्षेत्र के विभिन्न गांवों में भी जन्माष्टमी को लेकर विशेष तैयारियां चल रही हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर भी सजावट का कार्य किया जा रहा है। कई स्थानों पर भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और बाल स्वरूप पर आधारित झांकियां सजाने की तैयारी की जा रही है। जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिरों में मध्यरात्रि के समय भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। श्रीकृष्ण जन्म के बाद श्रद्धालुओं द्वारा आरती उतारी जाएगी और प्रसाद का वितरण किया जाएगा।जन्माष्टमी को लेकर बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाने की तैयारियों में जुटे हैं। वहीं, मंदिर समितियों और स्थानीय लोगों द्वारा जन्माष्टमी के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए साफ-सफाई, सजावट और अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page