सिकन्दराराऊ (हसायन) 10 सितम्बर । कस्बा के मोहल्ला अहीरान स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर नौ सितंबर दिन बुधवार को मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.वेदप्रकाश के दिशा निर्देशन पर अपर मुख्य चिकित्साधिकारी आयुष्मान नोडल अधिकारी के द्वारा आयुष्मान कार्ड बनाए जाने की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।समीक्षा के दौरान पाया गया कि ब्लाक हसायन की आयुष्मान कार्ड बनाए जाने की प्रगति जनपद के समस्त विकासखण्डों में सबसे निम्नतम स्तर पर है।क्षेत्रवार समीक्षा के दौरान आयुष्मान नोडल अधिकारी डॉ. मधुर कुमार को स्वास्थ्यकर्मियों की प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई।निम्नतम प्रगति पाए जाने पर ब्लाक के पांच सी.एच.ओ. जय चौधरी,प्रिया वार्ष्णेय,श्याम बिहारी यादव,दिवाकर भारद्वाज एवं गजानन्द जागीड एवं पांच ए.एन.एम.तरूणा कुमारी,दीप्ती सैंगर, हेमलता कुमारी, प्रीती कुमारी एवं रीता कुमारी को नोटिस जारी किया गया है।इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत पोरा, धुबई, नगला मिया पट्टी देवरी,अण्डौली, बसई बावस, नगरिया पट्टी देवरी,गिरधरपुर,कानऊ,बाड़ी एवं बकायन की आशाओं की प्रगति निम्नतम पाए जाने पर संबंधित आशाओं को नोटिस जारी किया गया है।सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र हसायन के चिकित्सा अधीक्षक वरूण चौधरी के द्वारा संबंधित सी.एच.ओ. ए.एन.एम. एवं आशाओं को तीन दिवस का समय देते हुए आयुष्मान कार्ड निर्माण में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।निर्धारित अवधि में संतोषजनक प्रगति न होने पर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।वर्तमान में जिलाधिकारी अतुल वत्स निर्देशानुसार जनपद के सभी विकासखण्डों में विशेष आयुष्मान कार्ड कैम्प आयोजित किए जा रहे हैं। इन कैम्पों के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाकर उन्हें योजना का लाभ दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। अभियान की प्रतिदिन समीक्षा जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी द्वारा की जा रही है, जिससे जनपद के प्रत्येक पात्र परिवार तक आयुष्मान योजना का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जा सके।