
हाथरस 05 मई । उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार और जनपद न्यायाधीश विनय कुमार-III के मार्गदर्शन में आगामी 9 मई 2026 को जनपद में ‘राष्ट्रीय लोक अदालत’ का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन को सफल बनाने और अधिक से अधिक वादों के निस्तारण हेतु कलेक्ट्रेट स्थित न्यायालय परिसर में महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए अपर जनपद न्यायाधीश व नोडल अधिकारी प्रशांत कुमार ने सभी न्यायिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने न्यायालयों में लंबित ऐसे वादों को चिन्हित करें, जिनका निस्तारण आपसी सुलह-समझौते के आधार पर संभव है। उन्होंने विशेष रूप से पुराने मामलों को शीर्ष प्राथमिकता पर रखते हुए उनके निस्तारण के प्रयास करने को कहा। बैठक के दौरान नोडल अधिकारी ने अब तक पक्षकारों को जारी किए गए नोटिसों की मॉनिटरिंग की और तामीला की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक संख्या में पक्षकारों को नोटिस भेजकर उन्हें लोक अदालत का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया जाए।बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रभारी सचिव जयहिन्द कुमार सिंह के साथ अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट आकांक्षा गर्ग, अपर सिविल जज दीपक नाथ सरस्वती, सिविल जज ईशा अग्रवाल, सारांश शर्मा, न्यायिक मजिस्ट्रेट खुशबू चन्द्रा, अरिजीत सिंह, रोबिन कुमार और शिव कुमार यादव सहित अन्य न्यायिक अधिकारीगण उपस्थित रहे।

























