
हाथरस 02 मई । बुद्ध पूर्णिमा के पावन पर्व पर शांति और करुणा का संदेश देते हुए बागला ब्लड बैंक में एक भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। सामाजिक संस्था कल्याणी गोधन क्रिएशंस, जायंट्स ग्रुप ऑफ हाथरस ‘सहेली’ और जायंट्स ग्रुप ऑफ हाथरस ‘गूंज’ के संयुक्त प्रयासों से आयोजित इस शिविर में सेवा और समर्पण की अनुपम मिसाल देखने को मिली। शिविर का मुख्य ध्येय समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता पैदा करना और जरूरतमंदों की जीवन रक्षा करना था।शिविर की सबसे खास और प्रेरणादायक बात यह रही कि यहाँ एक ही परिवार के पाँच सदस्यों ने एक साथ रक्तदान कर मानवता का संदेश दिया। कुल 33 रक्तदाताओं ने पूरे उत्साह के साथ अपनी सहभागिता दर्ज कराई, जिनमें युगल जोड़ियों, युवाओं और महिलाओं की संख्या उल्लेखनीय रही। सभी रक्तदाताओं ने इस पुनीत कार्य के माध्यम से दूसरों के जीवन को संजीवनी देने का संकल्प लिया। कल्याणी गोधन क्रिएशंस की डायरेक्टर दीप्ति वार्ष्णेय ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान केवल एक दान नहीं, बल्कि किसी अनजान व्यक्ति को जीवन का उपहार देने का सबसे बड़ा माध्यम है। आपका एक छोटा सा कदम, किसी पीड़ित व्यक्ति के जीवन में नई सुबह ला सकता है।
पूरे कार्यक्रम के दौरान सेवा और करुणा का वातावरण बना रहा। इस अवसर पर प्रीति वार्ष्णेय (अध्यक्ष), सीमा शर्मा (अध्यक्ष), गुंजन दीक्षित (वाइस प्रेसिडेंट), दीप्ति, मीनाक्षी, नमिता, कल्पना, कुसुम, गुंजन गर्ग, शालिनी, मंजुलता, मधु राज, संगीता, कृष्णा गुप्ता, नवीन, मदन गोपाल, दीपक शर्मा, मोहित, चंदन, संचय और कृष्णा आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे और शिविर को सफल बनाने में अपना योगदान दिया।

























