Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 17 जून । थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव बरौली में घर में घुसकर महिला के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई न होने के बाद पुलिस अधीक्षक के हस्तक्षेप से मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

गांव बरौली निवासी ममता पत्नी हरीश कुमार ने आरोप लगाया कि 21 मई 2026 की शाम वह अपने घर में काम कर रही थीं। इसी दौरान पड़ोसी राकेश कुमार और महीपाल कथित रूप से शराब के नशे में घर में घुस आए। आरोप है कि दोनों ने उनके पति हरीश कुमार के बारे में पूछताछ करते हुए घर में तोड़फोड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने उन्हें आंगन में गिराकर लात-घूंसों से मारपीट की। पीड़िता के अनुसार, शोर सुनकर उनकी जिठानी बीना देवी मौके पर पहुंचीं, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। घटना की जानकारी मिलने पर उनके पति ने डायल 112 पर सूचना दी। आरोप है कि इसके कुछ देर बाद चरन सिंह भी वहां पहुंच गया और गाली-गलौज करते हुए दोबारा मारपीट की। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने स्वयं को ग्राम प्रधान का पति बताते हुए धमकी भी दी। इसी दौरान पुलिस के पहुंचने पर तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। ममता ने बताया कि उन्होंने 22 मई को थाना हाथरस जंक्शन में तहरीर दी थी। पुलिस ने उनका मेडिकल परीक्षण तो कराया, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं किया। इसके बाद उन्होंने 15 जून को पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 16 जून को संबंधित आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया। थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page