
हाथरस 17 जून । कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र की चौबे वाले महादेव कॉलोनी में दिनदहाड़े चोरी की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। अज्ञात चोर किराए पर रह रहे एक शिक्षक के मकान का ताला तोड़कर सूटकेस में रखी ज्वेलरी चोरी कर ले गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार नगला फकीर, थाना निधौलीकलां, जनपद एटा निवासी कृष्णपाल चौबे वाले महादेव कॉलोनी में मोताराम के मकान में पिछले करीब 10 दिनों से किराए पर रह रहे हैं। उन्होंने बताया कि 14 जून को उनकी पत्नी गांव चली गई थीं। 15 जून को वह दोपहर करीब 12 बजे पुलिस लाइन में ट्यूशन पढ़ाने के लिए गए थे। शाम करीब पांच बजे जब वह वापस लौटे तो मकान का दरवाजा खुला मिला। अंदर जाकर देखा तो कमरे का सामान बिखरा पड़ा था और सूटकेस में रखी ज्वेलरी गायब थी। चोरी की जानकारी मिलते ही उन्होंने तत्काल कोतवाली हाथरस गेट पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।





















