
हाथरस 17 जून । शहर के बागमूला चौराहे पर बुधवार को नगर पालिका परिषद द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण विरोधी अभियान के दौरान जमकर हंगामा हुआ। अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर पालिका टीम और पुलिस बल का स्थानीय लोगों ने विरोध किया, जिसके चलते अभियान को बीच में ही रोकना पड़ा।
जानकारी के अनुसार शासन के निर्देश पर नगर पालिका परिषद इन दिनों शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चला रही है। इसी क्रम में बुधवार को नगर पालिका की टीम पुलिस बल के साथ बागमूला चौराहे पर पहुंची, जहां सरकारी भूमि पर किए गए कथित अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। कार्रवाई का विरोध करते हुए बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए तथा हंगामा करने लगे। विरोध कर रहे लोगों का कहना था कि जिस स्थान को नगर पालिका अतिक्रमित भूमि बता रही है, उसे उन्होंने किराये पर लिया हुआ है और वर्षों से उसका किराया भी जमा कर रहे हैं। इसी को लेकर लोगों और अधिकारियों के बीच तीखी बहस हुई। हंगामे की सूचना पर भीम आर्मी के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। स्थिति को तनावपूर्ण होता देख नगर पालिका टीम और पुलिस बल को बिना कार्रवाई किए वापस लौटना पड़ा। घटना के बाद नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी रोहित सिंह ने कोतवाली सदर में दो नामजद समेत कई अज्ञात लोगों के विरुद्ध तहरीर दी है। अधिशासी अधिकारी रोहित सिंह ने बताया कि बागमूला चौराहे स्थित नगर पालिका की भूमि पर वर्षों से अवैध कब्जा किया गया है। कब्जाधारियों को पूर्व में अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस भी जारी किए गए थे, लेकिन निर्धारित समय में अतिक्रमण नहीं हटाया गया। उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा तहरीर के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।





















