
हाथरस 17 जून । सासनी गेट चौराहे पर उधार सिगरेट मांगने को लेकर हुए विवाद में एक दिव्यांग दुकानदार ने पड़ोसियों पर मारपीट और फायरिंग करने का आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मोती मस्जिद के बाहर कन्फेक्शनरी का ठेला लगाने वाले दिव्यांग जानेआलम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 16 जून की रात पड़ोसी मोनू और नाजिम उसके ठेले पर उधार सिगरेट लेने आए थे। आरोप है कि उनके बेटे राजा द्वारा उधार देने से मना करने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। पीड़ित के अनुसार विवाद बढ़ने पर आरोपितों ने उनके बेटे राजा के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे शिवम वर्मा के साथ भी हाथापाई की गई। आरोप है कि कुछ देर बाद नाजिम तमंचा लेकर वापस आया और जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। हालांकि गोली किसी को नहीं लगी और दोनों युवक बाल-बाल बच गए। घटना के बाद आरोपी कथित रूप से धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि पूरी घटना पास में लगे एक होटल के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज की जांच की। पीड़ित ने आरोपितों को आपराधिक प्रवृत्ति का बताते हुए कहा कि वे पहले भी जेल जा चुके हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।





















