
हाथरस (मुरसान) 06 मई । क्षेत्र के गांव भीलम, बेरीसला, पटाखास और दऊदा सहित कई गांवों के किसान आज दोपहर पटाखास स्थित विद्युत उपकेंद्र पर पहुंच गए और बिजली कटौती को लेकर नाराजगी जताते हुए घेराव किया है। इस दौरान किसानों की बिजली विभाग के कर्मचारियों से नोकझोंक भी हुई। कुछ समय के लिए ग्रामीणों ने पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कराने की बात कही, लेकिन कर्मचारियों ने समझा कर स्थिति को संभाल लिया और आपूर्ति सुचारू कर दी। किसानों का कहना है कि उन्हें दिन में मात्र 2–3 घंटे ही बिजली मिल पा रही है, जिससे ज्वार, बाजरा, लौकी, तरबूज, खरबूज और मक्का जैसी फसलें सूखने की कगार पर पहुंच गई हैं। उनका आरोप है कि बिजली बार-बार कटने के कारण खेतों में सही तरीके से सिंचाई नहीं हो पा रही है। जैसे ही बिजली आती है, किसान पानी छोड़ते हैं, लेकिन थोड़ी ही देर में बिजली फिर कट जाती है, जिससे पानी पूरे खेत तक नहीं पहुंच पाता और एक ही जगह जमा हो जाता है। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं हुआ, तो वे बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इस मौके पर किसान प्रमोद सिंह, बाबूलाल, राम प्रकाश, सत्यवीर सिंह, गौरव सिंह, प्रेमवीर सिंह, राज, हरकेश सिंह, अशोक कुमार, जीतू सिंह सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे। पटाखास विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता प्रवेश कुमार का कहना है कि 5 दिन पहले आई आंधी के कारण कुछ जगहों पर विद्युत लाइन क्षतिग्रस्त हो गई हैं, उसे सुधारने में कर्मचारी लगे हुए हैं, बहुत जल्द ही लाइन को ठीक करके किसानों को रोस्टर के हिसाब से पूरी बिजली दी जाएगी।
























