सादाबाद 06 मई । बिसावर में आज पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह की पुण्यतिथि मनाई गई। इस अवसर पर मेन बाजार बिसावर में “चौधरी अजित सिंह स्मृति मंच, बिसावर” के तत्वावधान में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में लोगों ने इसमें भाग लिया और उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद वक्ताओं ने चौधरी अजित सिंह के व्यक्तित्व और उनके कार्यों पर प्रकाश डाला। सभा को संबोधित करते हुए मनोज पंसारी ने कहा कि चौधरी अजित सिंह ने अपना पूरा जीवन किसानों, मजदूरों और वंचित वर्ग के अधिकारों के लिए समर्पित कर दिया था। उन्होंने संसद से लेकर सड़कों तक संघर्ष करते हुए किसानों की आवाज को बुलंद किया और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए। पंसारी ने बताया कि विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों में मंत्री रहते हुए चौधरी अजित सिंह ने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए, जिनका लाभ आमजन तक पहुंचा। उनकी साफ-सुथरी छवि और ईमानदार राजनीति आज भी युवाओं और जनप्रतिनिधियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी हुई है। सभा के दौरान पूरे क्षेत्र में “अजित सिंह अमर रहें” और “जब तक सूरज चाँद रहेगा, अजित सिंह का नाम रहेगा” जैसे नारे गूंजते रहे। श्रद्धांजलि देने पहुंचे लोगों ने उनके बताए मार्ग पर चलने और किसानों के हितों की रक्षा करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कहा कि चौधरी अजित सिंह का जीवन संघर्ष, सेवा और समर्पण का प्रतीक रहा है, जिसे भुलाया नहीं जा सकता। इस अवसर पर स्थानीय गणमान्य नागरिक, किसान और युवा उपस्थित थे, जिन्होंने एक स्वर में उन्हें सच्चा किसान नेता बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
























