
सादाबाद 05 जुलाई । शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने, गर्भपात कराने तथा लाखों रुपये और जेवर हड़पने के आरोप में एक युवक के खिलाफ सादाबाद कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामला पहले मथुरा के थाना बलदेव में दर्ज हुआ था, लेकिन घटनास्थल सादाबाद क्षेत्र का पाए जाने पर विवेचना यहां स्थानांतरित कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, सादाबाद क्षेत्र निवासी एक महिला ने अपनी तहरीर में बताया कि वर्ष 2023 में कैंसर के कारण उसके पति का निधन हो गया था। पति की मृत्यु के कुछ माह बाद उसका 11 वर्षीय पुत्र भी गंभीर रूप से बीमार पड़ गया। इसी दौरान सादाबाद बस स्टैंड पर उसकी मुलाकात थाना बलदेव क्षेत्र के गांव पटलोनी निवासी अंशू गौतम से हुई। महिला का आरोप है कि युवक ने सहानुभूति जताते हुए उसका मोबाइल नंबर लिया और लगातार संपर्क में रहने लगा। उसने महिला और उसके पुत्र का सहारा बनने तथा शादी करने का भरोसा दिया। इसके बाद आरोपी का महिला के घर आना-जाना शुरू हो गया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान वह गर्भवती हो गई तो आरोपी ने कथित रूप से दवा खिलाकर उसका गर्भपात भी करा दिया।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने अपनी जरूरत बताकर अलग-अलग समय पर उसके बैंक खाते से दो लाख रुपये निकलवा लिए। इसके अलावा 80 हजार रुपये उधार भी दिलवाए। साथ ही उसकी दो सोने की अंगूठियां और चांदी की तोड़ियां भी अपने पास रख लीं। इस प्रकार आरोपी पर कुल 2.80 लाख रुपये और जेवर हड़पने का आरोप लगाया गया है। पीड़िता का कहना है कि जब उसने शादी करने या अपने रुपये और जेवर वापस करने की बात कही तो आरोपी ने शादी से साफ इनकार कर दिया। विरोध करने पर उसने कथित रूप से महिला के 11 वर्षीय बेटे की हत्या की धमकी भी दी।
महिला ने पूरे मामले की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मथुरा से की थी। इसके आधार पर 28 जून को थाना बलदेव में मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान घटनास्थल सादाबाद क्षेत्र का पाए जाने पर विवेचना सादाबाद कोतवाली स्थानांतरित कर दी गई। रविवार को सादाबाद पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।























