Hamara Hathras

Latest News

सिकन्दराराऊ 05 जुलाई। कोतवाली क्षेत्र के गांव कचौरा में आज सुबह सांप के डसने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय धीरेंद्र सिंह यादव के रूप में हुई है। वह मूल रूप से देवरिया जिले के ग्राम बड़वा टोली, मझौली के निवासी थे। धीरेंद्र सिकंदराराऊ के सुमेरपुर स्थित एक आयुर्वेदिक फार्मेसी में कार्यरत थे और अपनी पत्नी पिंकी के साथ कचौरा गांव में किराए के मकान में रहते थे। परिजनों के अनुसार, रविवार सुबह करीब पांच बजे धीरेंद्र अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान अचानक उनके ऊपर कोई वस्तु गिरी। नींद खुलने पर उन्होंने उसे पकड़ने का प्रयास किया तो पता चला कि वह सांप था। तब तक सांप उनके कान पर डस चुका था। धीरेंद्र की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सांप वहां से भाग चुका था। परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए सिकंदराराऊ के एक अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें अलीगढ़ के एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृत घोषित किए जाने के बाद कुछ लोगों ने झाड़-फूंक के माध्यम से भी उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और रविवार शाम करीब सात बजे शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हाथरस भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page