हाथरस 19 अगस्त। क्षेत्र में देवर-भाभी के साथ मारपीट कर सोने की चेन और अंगूठियां लूटने का आरोप सामने आया है। पीड़ित महिला ने कोतवाली मुरसान में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कृष्णा देवी ने बताया कि उनकी ससुराल भरतपुर क्षेत्र के गांव सोगर में है। बुधवार को वह अपने देवर के साथ कार से मायके गांव सुरतिया जा रही थीं। आरोप है कि मुरसान-सादाबाद रोड से सुरतिया जाने वाले रास्ते पर बाइक सवार दो युवकों ने उनकी कार को ओवरटेक कर आगे बाइक लगा दी। इसके बाद दोनों युवक बाइक से उतरे और देवर-भाभी के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। महिला के अनुसार, इसी दौरान सड़क किनारे खड़े दो अन्य युवक भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि मारपीट के दौरान युवकों ने उनके देवर पर नुकीले पेचकस से हमला कर दिया। महिला के साथ भी मारपीट की गई और उनके गले से सोने की चेन तथा हाथों से दो अंगूठियां छीन ली गईं। घटना के बाद महिला ने परिजनों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपित मौके से फरार हो चुके थे। मारपीट में महिला और उसका देवर घायल हो गए। परिजनों ने घटना की सूचना कोतवाली मुरसान पुलिस को दी। महिला ने मारपीट और लूटपाट करने वाले युवकों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक गिरीश चंद्र गौतम ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। प्रथम दृष्टया मामला मारपीट का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पहले से आपसी विवाद भी रहा है और पूरा मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101











