सिकंदराराऊ (हसायन) 05 मई । जयपुर-बरेली राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित सासनी तहसील के सलेमपुर विद्युत उपखंड तृतीय कार्यालय पर मंगलवार को उपभोक्ताओं का धैर्य जवाब दे गया। स्मार्ट प्रीपेड मीटरों की मनमानी और अत्यधिक बिलों से त्रस्त दर्जनों गांवों की महिलाओं और पुरुषों ने बिजली घर पर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोश इतना अधिक था कि कई महिलाएं अपने घरों से स्मार्ट मीटर उखाड़कर सीधे अधिकारी के दफ्तर पहुंच गईं और उन्हें वहां जमा कर दिया। प्रदर्शन में शामिल राधा देवी, बबली, प्रियंका, मंजू, रजत और प्रमोद सहित अन्य उपभोक्ताओं ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जब से घरों में स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगे हैं, बिलों में बेतहाशा बढ़ोतरी हुई है। उपभोक्ताओं का कहना है कि अगर कोई व्यक्ति महीने में छह हजार रुपये कमाता है, तो वह हर रोज मोबाइल की तरह बिजली का बैलेंस ही देखता रहेगा या परिवार पालेगा?
ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली आपूर्ति बंद रहने या बिजली का उपयोग न करने के बावजूद स्मार्ट मीटर के खाते से मनमाने ढंग से पैसे काटे जा रहे हैं। अत्यधिक बिल आने के डर से लोग अब घर में पंखा या लाइट चलाने से भी डरने लगे हैं। महिलाओं ने विभाग पर अनियमितता का आरोप लगाते हुए कहा कि यह सीधे तौर पर गरीब जनता का शोषण है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इन प्रीपेड मीटरों को हटाकर पुरानी व्यवस्था बहाल नहीं की गई, तो 20 दिन बाद पूरे क्षेत्र के उपभोक्ता बड़े पैमाने पर धरना-प्रदर्शन करेंगे। मौके पर काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। विद्युत उपखंड अधिकारी (तृतीय) ओमप्रकाश बेदी ने बताया कि उपभोक्ताओं की समस्याओं को सुना गया है और समाधान के लिए समय मांगा गया है। उन्होंने कहा कि सरकार से जो भी नए निर्देश प्राप्त होंगे, उसी के आधार पर उपभोक्ताओं की समस्या का निस्तारण कराया जाएगा।

























