
हाथरस 05 मई । जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी ने जनपद की स्वैच्छिक संस्थाओं और संगठनों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत, मानसिक रूप से मंदित और निराश्रित दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए ‘आश्रय गृह सह प्रशिक्षण केंद्र’ संचालित करने हेतु अनुदान के प्रस्ताव आमंत्रित किए गए हैं। शासन की योजना के अनुसार, ऐसी संस्थाएँ जो मानसिक मंदित निःशक्तजनों और मानसिक रूप से रुग्ण निराश्रित व्यक्तियों के लिए आश्रय और प्रशिक्षण केंद्र चलाने की इच्छुक हैं, वे अनुदान के लिए आवेदन कर सकती हैं। अनुदान प्राप्त करने के लिए विस्तृत मार्गदर्शक सिद्धांत (गाइडलाइन) विभागीय वेबसाइट http://updivyangshaktingo.in पर अपलोड कर दी गई है। इच्छुक संस्थाएँ यहाँ से सभी नियम और शर्तें देख सकती हैं।
15 दिनों के भीतर जमा करें प्रस्ताव
जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी ने बताया कि निर्धारित आवेदन पत्र को भरकर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ तीन प्रतियों में विज्ञापन प्रकाशन के 15 दिनों के भीतर विकास भवन के कक्ष संख्या-104 स्थित कार्यालय में जमा कराना अनिवार्य है। निर्धारित समय सीमा के बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।

























