
हाथरस 05 मई । पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने आज पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई का आयोजन किया। इस दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों ने अपनी समस्याओं से पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया। जनसुनवाई के दौरान मुख्य रूप से जमीनी विवाद, आपसी मारपीट और पुलिसिया कार्यवाही से संबंधित मामले सामने आए। पुलिस अधीक्षक ने एक-एक कर सभी पीड़ितों की बातों को अत्यंत गंभीरता और धैर्यपूर्वक सुना। उन्होंने शिकायतों के त्वरित और पारदर्शी समाधान पर जोर देते हुए संबंधित थाना प्रभारियों व राजपत्रित अधिकारियों को मौके पर जाकर जाँच करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में आने वाली शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर न होकर धरातल पर होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पीड़ितों को न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सुनवाई के दौरान उन्होंने लंबित मामलों की समीक्षा की और संबंधित विवेचकों को गुणवत्तापूर्ण एवं विधिक निस्तारण सुनिश्चित करने के सख्त आदेश दिए। इस अवसर पर पुलिस कार्यालय के अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

























