Hamara Hathras

Latest News

सासनी 19 जून। जनपद के कोतवाली क्षेत्र में आज एक दर्दनाक सड़क हादसे में कोल्ड स्टोरेज कर्मी की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल युवक ने उपचार के लिए दिल्ली ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा फरार वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी केअनुसार, सासनी कस्बे के मोहल्ला नया बिजलीघर निवासी 22 वर्षीय संजय कुमार पुत्र यतेंद्र कुमार शिवांग कोल्ड स्टोरेज में कार्यरत थे। शुक्रवार सुबह वह पैदल अपने कार्यस्थल जा रहे थे। बताया जाता है कि शिवांग कोल्ड स्टोरेज के निकट एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि संजय गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े, जबकि वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और घायल संजय को तत्काल उपचार के लिए अलीगढ़ ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें दिल्ली के लिए रेफर कर दिया। परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही संजय ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन शव को वापस हाथरस लेकर आए और सासनी पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया। बताया गया है कि संजय कुमार अविवाहित थे और परिवार की आजीविका में सहयोग करते थे। उनकी असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अज्ञात वाहन एवं उसके चालक की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page