
हाथरस 19 जून । थाना क्षेत्र के गांव नगला भूरा में प्रेम प्रसंग के चलते युवक और विवाहिता की हुई मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। विवाहिता के पति की तहरीर पर पुलिस ने मृतक युवक के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं। जानकारी के अनुसार नगला भूरा निवासी प्रकाश अविवाहित था और उसके गांव की रहने वाली प्रियंका से कथित प्रेम संबंध थे। प्रियंका विवाहित थी और एक बच्ची की मां थी। ग्रामीणों के अनुसार गुरुवार दोपहर प्रकाश प्रियंका के घर पहुंचा। उस समय प्रियंका का पति विपिन काम पर गया हुआ था और घर पर प्रियंका अपनी दो वर्षीय पुत्री कशिश के साथ मौजूद थी।
बताया जा रहा है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जो बढ़ते-बढ़ते हाथापाई तक पहुंच गया। आरोप है कि इसी दौरान प्रकाश ने प्रियंका का गला दबा दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। इसके बाद उसने घर के अंदर ही फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का खुलासा उस समय हुआ जब शाम को प्रियंका का पति विपिन काम से घर लौटा। मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिलने पर उसने काफी आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद वह पीछे के रास्ते से घर के अंदर पहुंचा। कमरे में पत्नी का शव फर्श पर पड़ा था, जबकि प्रकाश का शव फंदे से लटका हुआ मिला। यह दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गुरुवार रात प्रियंका के शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया गया, जबकि युवक प्रकाश के स्वजन के देर से पहुंचने के कारण उसके शव का पोस्टमार्टम शुक्रवार सुबह कराया गया। पुलिस ने मृतका के पति विपिन की तहरीर के आधार पर मृतक प्रकाश के खिलाफ हत्या का अभियोग दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विवेचना की जा रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और चर्चा का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों और परिस्थितियों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
For Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101








