Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 19 जून । कोतवाली सदर क्षेत्र में परीक्षा देकर कॉलेज से लौट रहे नर्सिंग के छात्रों को कुछ अज्ञात युवकों द्वारा तमंचा दिखाकर धमकाने और हवाई फायरिंग करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद छात्रों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने पीड़ित छात्रों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित छात्र सुंदरम, हेमंत और अमित ने कोतवाली सदर में दी गई शिकायत में बताया कि वे प्रेमरघु नर्सिंग कॉलेज के छात्र हैं। गुरुवार दोपहर परीक्षा समाप्त होने के बाद जब वे कॉलेज से कुछ दूरी पर पहुंचे, तभी दो बाइकों पर सवार होकर छह युवक वहां आ गए। दोनों बाइकों पर तीन-तीन युवक सवार थे। छात्रों का आरोप है कि युवकों में से दो ने दो छात्रों और एक छात्रा पर तमंचा तान दिया तथा धमकी देते हुए कहा, “कल से कॉलेज में कोई दिखा तो ठीक नहीं होगा। आज छह आए हैं, कल 10 लोग आएंगे।” इसके बाद दो युवकों ने हवाई फायरिंग की, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी युवक मौके से फरार हो गए। छात्रों ने इस घटना के बाद अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा प्रदान करने तथा आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page