
हाथरस 03 अगस्त । कोतवाली क्षेत्र में सिक्कों को एकत्र कर कथित रूप से अवैध तरीके से गलाने और वितरण करने के आरोप में पुलिस एवं प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। मुखबिर की सूचना पर उपजिलाधिकारी सदर के नेतृत्व में टीम ने आरोपी के घर और दुकान पर छापेमारी कर एक, दो और पांच रुपये के सिक्कों से भरे 106 कट्टे बरामद किए हैं। इनका कुल वजन 5666.3 किलोग्राम यानी 5.6 टन से अधिक बताया गया है।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर उपजिलाधिकारी सदर के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने नवीन समादिया पुत्र अनुप कुमार, निवासी हनुमान गली के घर और दुकान पर छापा मारा। नायब तहसीलदार मुरसान शिव कुमार के अनुसार, हनुमान गली स्थित घर से एक, दो और पांच रुपये के सिक्कों से भरे 90 कट्टे बरामद हुए। इनका कुल वजन 5143.5 किलोग्राम पाया गया। इनमें 77 कट्टे 60-60 किलोग्राम, छह कट्टे 50-50 किलोग्राम और पांच कट्टे 30-30 किलोग्राम के बताए गए हैं। इसके बाद टीम ने नया गंज स्थित नवीन शंकर पुस्तक भंडार नामक दुकान पर भी छापेमारी की। यहां से सिक्कों से भरे 16 कट्टे बरामद हुए, जिनका कुल वजन 422.8 किलोग्राम बताया गया है। इस तरह घर और दुकान दोनों स्थानों से कुल 106 प्लास्टिक और टाट के कट्टे बरामद किए गए। इन सभी कट्टों में मौजूद सिक्कों का कुल वजन 5666.3 किलोग्राम बताया गया है। कार्रवाई के दौरान बरामद सिक्कों की फोटो और वीडियोग्राफी कराई गई। इसके बाद माल को जब्त कर लिया गया। बरामद सिक्कों को चिटबंदी की कार्रवाई के बाद कोतवाली नगर में सुरक्षित रखे जाने की बात कही गई है।
एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, सिक्कों को एकत्र करने, कथित रूप से अवैध तरीके से गलाने और वितरण करने के आरोप में नवीन समादिया के खिलाफ एक्ट-2011 की धारा 12/13 के तहत थाना कोतवाली सदर में विधिक कार्रवाई की गई है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। इतनी बड़ी मात्रा में सिक्के कहां से एकत्र किए गए और इनके कथित अवैध इस्तेमाल या गलाने की क्या योजना थी, इसे लेकर भी जांच की जा रही है।








