
हाथरस 02 नवंबर। हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के रूहेरी-रहना रोड पर देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार 35 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सोमवार सुबह करीब 10 बजे मृतक की पहचान हो सकी। मृतक की पहचान राजेश निवासी मोहल्ला श्रीनगर नई बस्ती, थाना हाथरस गेट के रूप में हुई है। वह फर्नीचर का काम करता था। जानकारी के अनुसार, राजेश रविवार को हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के गांव रहना स्थित अपनी ससुराल गए थे। देर रात बाइक से घर लौटते समय रूहेरी-रहना रोड पर किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राजेश की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। सोमवार सुबह करीब 10 बजे मृतक की पहचान होने के बाद परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। राजेश अपने पीछे तीन बच्चों को छोड़ गए हैं। उनकी मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है।







