
हाथरस 02 मई । सासनी क्षेत्र के गांव बिल्खौरा में एक विवाहिता ने अपने पति पर शराब के नशे में मारपीट, गाली-गलौज और जबरदस्ती करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला की शादी 14 दिसंबर 2024 को सासनी के गांव बिल्खौरा निवासी युवक के साथ हुई थी। विवाहिता के अनुसार शादी के बाद से ही पति का व्यवहार प्रताड़नापूर्ण रहा है। वह आए दिन शराब पीकर मारपीट करता है, अभद्र भाषा का प्रयोग करता है और जबरन संबंध बनाने का दबाव बनाता है। पीड़िता ने बताया कि उसने कई बार मायके पक्ष को इसकी जानकारी दी। मायके वाले कई बार ससुराल पहुंचकर समझाने का प्रयास भी कर चुके हैं, लेकिन पति के व्यवहार में कोई सुधार नहीं हुआ। आरोप है कि पति किसी की बात नहीं मानता और अक्सर जान से मारने की धमकी देता है। तहरीर के अनुसार 19 मार्च 2026 को महिला घर में सरसों के कट्टे रख रही थी, तभी पति ने जबरदस्ती करने की कोशिश की। व्रत होने की बात कहकर मना करने पर पति ने थप्पड़ मार दिया, जिससे वह गिर गई। इसके बाद लात-घूंसों से मारपीट की गई, जिससे उसके कान में सूजन आ गई और सिर में गंभीर दर्द हुआ। महिला ने घटना की सूचना अपने परिजनों को दी। जब उसका भाई उसे घर ले जाने पहुंचा तो आरोप है कि जेठ और ससुर ने उसे जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता का यह भी कहना है कि ससुराल पक्ष उस पर बेबुनियाद आरोप लगाता है, उसे घरवालों से बात नहीं करने देता और फोन करने पर शक कर तरह-तरह के आरोप लगाता है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।





















