
हाथरस 18 जून । कोतवाली सदर क्षेत्र के सीयल खेड़ा मोहल्ले में एक निर्माणाधीन मकान पर काम करते समय हुए हादसे में एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। दूसरी मंजिल से नीचे गिरने के कारण मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे साथी मजदूर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार सदर कोतवाली क्षेत्र के छोटा अय्यापुर निवासी जगदीश पुत्र सोनपाल बुधवार सुबह अशोका टॉकीज के निकट स्थित एक निर्माणाधीन मकान की दूसरी मंजिल पर अन्य मजदूरों के साथ छत का पटाव करने का कार्य कर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार्य के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह छत पर रखे पत्थर सहित सीधे नीचे आ गिरा। ऊंचाई से गिरने के कारण जगदीश के सिर एवं शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। साथी मजदूर तत्काल उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए। परिवार में कोहराम मच गया और स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बताया जाता है कि जगदीश अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ समय पूर्व उसका अपनी पत्नी से विवाद हो गया था, जिसके बाद पत्नी बच्चों को लेकर मायके चली गई थी। परिवार की आजीविका का मुख्य आधार भी जगदीश ही था। अस्पताल प्रशासन द्वारा घटना की सूचना कोतवाली सदर पुलिस को दे दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





















