
हाथरस 18 जून । शहर के थाना हाथरस गेट क्षेत्र में एक व्यापारी के साथ मारपीट और लूट की शिकायत का मामला सामने आया है। पीड़ित कारोबारी की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपियों एवं अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार वसंत व्यू कॉलोनी निवासी शरद अग्रवाल ने थाना हाथरस गेट में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि वह अपने व्यापारिक परिचितों को छोड़ने के लिए अलीगढ रोड स्थित एक होटल गए थे। इसी दौरान रिसोर्ट से जुड़े लोगों तथा उनके साथ मौजूद बाउंसरों एवं स्टाफ ने उनके साथ अभद्रता शुरू कर दी। पीड़ित का आरोप है कि विरोध करने पर उक्त लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। शरद अग्रवाल का कहना है कि धक्का-मुक्की के दौरान उनके गले से सोने की चेन गिरकर गायब हो गई। घटना के बाद पीड़ित ने थाना हाथरस गेट पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई और आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की। मामले में प्रभारी निरीक्षक हाथरस गेट नितिन कसाना ने बताया कि शरद अग्रवाल की तहरीर के आधार पर सजल बूटिया, मनोज बूटिया, अचल बूटिया, आदित्य बूटिया, उद्भव बूटिया तथा अन्य अज्ञात बाउंसरों एवं स्टाफ के विरुद्ध संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जाएगी और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
वहीं होटल मालिक मनोज बूटिया ने हमारा हाथरस को बताया कि शरद अग्रवाल होटल पर कमरा लेने के लिए आया था। वह कमरे का काफी कम कराया देने की मांग कर रहा था और लगातार बत्तमीजी व लड़ाई झगड़ा करने लगा। हमारे स्टाफ ने बीच-बचाव करने की पूरी कोशिश की। लेकिन वह लगातार अभद्रता करने लगा। हमारा स्टाफ ने उन्हें हर तरीके से समझाने का प्रयास किया । हमारा स्टाफ जो कमरे का मूल निर्धारित किराया है, उसकी ही माँग रहा था।





















