
हाथरस 18 जून। आगरा रोड स्थित प्रेम रघु नर्सिंग कॉलेज एवं हॉस्पिटल के छात्रों के साथ मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। छात्रों का आरोप है कि दो बाइक पर सवार पांच युवकों ने उन्हें घेरकर मारपीट की, छात्राओं पर तमंचे तान दिए और कॉलेज न आने की धमकी दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार झारखंड के शाहबगंज थाना क्षेत्र के राजमल निवासी सुंदरम प्रेम रघु नर्सिंग कॉलेज में बीएससी नर्सिंग के छठे सेमेस्टर का छात्र है और गिजरौली में किराये पर रहकर पढ़ाई कर रहा है। सुंदरम ने बताया कि गुरुवार दोपहर करीब डेढ़ बजे जब उनका बैच कॉलेज से बाहर निकला, तभी दो बाइक पर सवार पांच युवक वहां पहुंचे। सभी युवकों के चेहरे ढंके हुए थे। आरोप है कि युवकों ने आते ही अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए छात्रों को कॉलेज न आने की धमकी दी। विरोध करने पर उन्होंने सुंदरम को पकड़कर मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आए उसके साथी हेमंत निवासी सासनी तथा अन्य छात्रों को भी पीटा गया। छात्रों का आरोप है कि जब मौके पर छात्र-छात्राओं की भीड़ बढ़ने लगी तो आरोपियों ने तमंचे लहराकर दहशत फैलाने की कोशिश की। सुंदरम का कहना है कि उसके साथ बेल्ट से भी बेरहमी से मारपीट की गई। छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी जाते समय फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। बाद में छात्र-छात्राएं कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने घायल छात्र सुंदरम का चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया। छात्र-छात्राओं का कहना है कि किसी विवाद के चलते उन्हें निशाना बनाया गया है और दबंगों द्वारा कॉलेज छोड़ने का दबाव बनाया जा रहा है। वहीं, कॉलेज प्रबंधन ने कॉलेज से जुड़े किसी विवाद से इनकार किया है। कॉलेज के प्रबंधक डॉ. पी.पी. सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर स्टाफ को छात्रों के साथ भेजा गया है। प्रथम दृष्टया मामला छात्रों के आपसी विवाद का प्रतीत हो रहा है। इधर, क्षेत्राधिकारी नगर हिमांशु माथुर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अब तक की जांच में फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जांच के बाद स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।





















