
अलीगढ़ 24 अप्रैल । मंगलायतन विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के रेडियो नारद 90.4 एफएम और स्मार्ट एनजीओ के संयुक्त तत्वावधान में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर सर्वहित सेवा संस्था एवं अलीगढ़ चैरिटेबल ब्लड बैंक के सहयोग से मंगलायतन हॉस्पिटल में आयोजित किया गया। जिसमें 135 लोग रक्त का दान करके महादानी बने। कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए कुलसचिव ब्रिगेडियर डा. समरवीर सिंह ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है, जो किसी जरूरतमंद को जीवनदान दे सकता है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने और समाज सेवा में आगे आने का आह्वान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रक्तदान किया। शिविर का उद्देश्य लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना रहा। विभागाध्यक्ष प्रो. जितेंद्र सिंह ने सभी सहयोगियों, प्रतिभागियों और संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आयोजन में याशिका गुप्ता, डा. मनीषा उपाध्याय, मयंक जैन का सहयोग रहा। इस अवसर पर डीन एकेडमिक प्रो. अम्बरीष शर्मा, डा. पूनम रानी, डा. जितेंद्र यादव, विजया सिंह आदि उपस्थित रहे। संचालन नीलकांत तिवारी ने किया। शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र व उपहार देकर सम्मानित किया गया।

























