
हाथरस 08 जून । उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा के तहत आज जनपद के 13 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा शांतिपूर्ण एवं कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुई। हालांकि बड़ी संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल नहीं हो सके। दोनों पालियों को मिलाकर कुल 10,080 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 7,389 ने परीक्षा दी, जबकि 2,690 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। पहली पाली में 5,040 पंजीकृत अभ्यर्थियों के सापेक्ष 3,717 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए तथा 1,323 अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली में भी 5,040 अभ्यर्थियों का पंजीकरण था, जिनमें से 3,673 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 1,367 अभ्यर्थी परीक्षा में नहीं पहुंचे। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। अभ्यर्थियों को सघन जांच और सत्यापन प्रक्रिया के बाद ही परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया गया। प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
ट्रेन लेट होने से छूटी परीक्षा
इसी बीच कासगंज-मथुरा रेलखंड पर ट्रेनों के समय में किए गए बदलाव की जानकारी न होने के कारण बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रेन विलंब से पहुंचने के कारण करीब 125 अभ्यर्थी समय पर परीक्षा केंद्र नहीं पहुंच सके और उन्हें प्रवेश नहीं मिल पाया। जानकारी के अनुसार पुलिस भर्ती परीक्षा को देखते हुए रेलवे ने 8 से 10 जून तक कुछ ट्रेनों के संचालन समय में बदलाव किया था। कासगंज से मथुरा जाने वाली पैसेंजर ट्रेन, जो सामान्य दिनों में दोपहर 12:56 बजे हाथरस पहुंचती है, सोमवार को लगभग 1 घंटा 36 मिनट की देरी से दोपहर 2:32 बजे हाथरस सिटी स्टेशन पहुंची। ट्रेन से उतरने के बाद कई अभ्यर्थी परीक्षा केंद्रों की ओर दौड़े, लेकिन दूसरी पाली के लिए निर्धारित प्रवेश समय दोपहर 2:30 बजे समाप्त हो चुका था। इसके चलते उन्हें परीक्षा केंद्रों में प्रवेश नहीं दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार परीक्षा छूटने से कई अभ्यर्थी निराश दिखाई दिए। दो महिला अभ्यर्थी तो भावुक होकर रो पड़ीं। अभ्यर्थियों का कहना था कि उन्होंने कई महीनों तक परीक्षा की तैयारी की थी, लेकिन ट्रेन के विलंब के कारण उनका अवसर छिन गया। अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि रेलवे द्वारा ट्रेनों के समय परिवर्तन की पर्याप्त जानकारी नहीं दी गई। उनका कहना था कि यदि समय परिवर्तन की जानकारी पहले मिल जाती तो वे वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था कर समय से परीक्षा केंद्र पहुंच सकते थे। उल्लेखनीय है कि रेलवे प्रशासन द्वारा पुलिस भर्ती परीक्षा के मद्देनजर कासगंज-मथुरा खंड की तीन पैसेंजर ट्रेनों तथा टनकपुर एक्सप्रेस के संचालन समय में लगभग एक घंटा 40 मिनट तक का परिवर्तन किया गया है। अभ्यर्थियों ने परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण अवसरों पर समय परिवर्तन की सूचना का व्यापक प्रचार-प्रसार किए जाने की मांग की है।

























