
हाथरस 22 अप्रैल । चंदपा के गांव झींगुरा में मंगलवार की रात शादी की खुशियां उस समय मारपीट में बदल गईं जब बारात चढ़त के दौरान डांस को लेकर घराती और बाराती आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें बारात में आए तीन लोग घायल हो गए। झींगुरा निवासी गिरीश की बेटी की शादी थी। गढ़ी बाईपुर, सिकंदरा आगरा निवासी प्रमोद अपने बेटे की बारात लेकर आए थे। बारात चढ़ते समय डीजे पर डांस को लेकर कहासुनी हुई और देखते ही देखते दोनों पक्ष भिड़ गए। मारपीट में बाराती प्रमोद, नंद लाल और रिंकू के सिर में चोटें आई हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। लड़के के पिता प्रमोद की तहरीर पर पुलिस ने झींगुरा निवासी लोकेश, रोहित, शिवम समेत चार-पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मारपीट करने वाले रोहित, लोकेश और शिवम का शांति भंग में चालान कर दिया। घटना के बाद शादी की रस्में देर रात तक प्रभावित रहीं। चंदपा पुलिस मामले की जांच कर रही है।























